नूरपुर पहुंचे,सरधना विधायक अतुल प्रधान का सपा कार्यकर्ताओं ने किया फूल मालाओं से स्वागत
बिजनौर/नूरपुर। सरधना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक अतुल प्रधान का नूरपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से लादकर स्वागत किया।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में मंहगाई चरम सीमा पर है। गरीब मजदूर किसान नौजवान भुखमरी की कगार पर है। नौजवान बेरोजगार घूमने पर मजबूर है। भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरी देने के नाम पर लॉलीपॉप देने का काम किया है। प्रदेश में महिलाओं बच्चियों के साथ रेप की घटना हो रही है। अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है। बड़ी से बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर निकल जाते हैं, पुलिस का कोई खौफ नहीं है। भाजपा सरकार सपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगा कर डराना चाहती है, मगर सपा कार्यकर्ता भाजपा के झूठे मुकदमे के डर की वजह से झुकेगा नहीं। सपा कार्यकर्ता हर एक जुल्मों का विरोध करता रहेगा।
सपा नेता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। भाजपा सरकार हिंदू मुसलमान के नाम पर दंगा करा कर बांटना चाहती है। देश और प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों के बारे में जान चुकी है। अब प्रदेश जनता भाजपा की चालबाजी में आने वाली नहीं है क्योंकि देश की जनता भाईचारा चाहती है। इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है। प्रदेश की जनता पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल को याद कर रही है, जिसमें सपा सरकार ने बगैर किसी भेदभाव के प्रदेश के अंदर खूब विकास कराया है। इसलिए आने वाला लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी। सपा कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार जोर शोर से करें। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता सरफराज, विधानसभा उपाध्यक्ष वकील सिद्दीकी, गुड्डू धोबी, सुनील गुर्जर, नीटू गुर्जर, वसीम मकरानी, जयपाल सिंह, कविंदर चौधरी आदि मौजूद थे।