वेतन विसंगतियों के कारण बस चालकों ने किया, वर्कशॉप पर बसों का चक्का जाम

वृंदावन। मथुरा से वृंदावन एवं ब्रज क्षेत्र के अन्य धार्मिक क्षेत्रों के लिए नगर विकास विभाग द्वारा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन विगत लगभग 2 वर्ष से किया जा रहा है। लेकिन वेतन विसंगतियों के कारण बस चालकों द्वारा शनिवार को पागल बाबा मार्ग स्थित वर्कशॉप पर बस का चक्का जाम कर प्रदर्शन किया गया। जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दे की तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश शासन के द्वारा इलेक्ट्रिक बसों संचालित की जाती है। शनिवार सुबह बस चालकों द्वारा वेतन वृद्धि को लेकर वर्कशॉप पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार मथुरा वृंदावन मार्ग पर चलने वाली 50 बसों के लिए 130 चालक नियुक्त किए गए हैं। चालकों ने बताया की 8 घंटे की ड्यूटी के लिए उन्हें 12.5 हजार रुपए का वेतन दिया जाता है जो की इतने ही कार्य के लिए डिपो चालकों को कहीं ज्यादा वेतन दिया जाता है। इस वेतन विसंगति के कारण शनिवार को बस चालकों द्वारा प्रदर्शन करते हुए बसों का चक्का जाम किया गया। सुबह 11:30 बजे तक चली इस हड़ताल के कारण मथुरा वृंदावन मार्ग पर चलने वाले यात्रियों के अतिरिक्त अन्य राज्यों से वृंदावन आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड के प्रबंधक कौशल किशोर पाठक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक के ₹1000 वेतन वृद्धि के आश्वासन के उपरांत ही चालकों ने अपना विरोध प्रदर्शन खत्म किया। इसके उपरांत मथुरा वृंदावन मार्ग पर इलेक्ट्रिक बेसन का संचालन पूर्व की भांति पुनः प्रारंभ हो गया।